ज्ञान का प्रमुख स्रोत किताबें थी हैं और रहेंगी. विडंबना यह है कि तकनीक रिवोल्यूशन आने से किताबों की बहुत ही क्षति हुई है. अब लोग किताबों के साथ समय बिताना पसंद नहीं करते हैं बल्कि सोशल मीडिया और अनाप-शनाप की चीजें जो कि मोबाइल में बाढ़ की तरह आते हैं उन पर समय बिताते हैं. समय आ गया है कि अब हम किताबों की ओर रुख करें. अगर हमें सच में अपने बच्चों को एक काबिल व्यक्ति बनाना है तो यह जरूरी है कि उनके मस्तिष्क तक अच्छी जानकारियां, अच्छा ज्ञान और संस्कार मिले. इसके लिए बहुत जरूरी है कि बच्चे किताबें पढ़ें ना कि मोबाइल में समय बिताएं.
हालांकि मोबाइल में भी अच्छी चीजें हैं लेकिन उसके लिए गाइडेंस की जरूरत होती है और साथ ही मजबूत इच्छा शक्ति की जरूरत होती है. यह ऐसा ही है जैसे आपके सामने रसगुल्ले हैं और आपको डाइटिंग करनी है. मसलन मोबाइल में बहुत ही मनोरंजक और मन को भटकाने वाले कंटेंट होते हैं, ऐसे में उन्हें नजरअंदाज करके जानकारी वाले एप्स या साइट पर जाकर पढ़ना शायद ही किसी को पसंद हो. इसलिए मोबाइल किस तरह यूज करना है कितना यूज करना है इस पर हर घर में रेगुलेशन बनना चाहिए. यह बहुत ही व्यक्तिपरक (सब्जेक्टिव) चीजें हैं.
हर परिवार की स्तिथि अलग हो सकती है लेकिन एक बात तो तय है कि फोन का साइड इफेक्ट हर घर तक पहुँच चुका है.
इसलिए हर पेरेंट्स, हर बच्चा मोबाइल यूज़ के साइड इफेक्ट को समझे. क्योंकि अगर हम दिमाग में कूड़ा डालेंगे तो हमारा व्यक्तित्व दुर्गंध ही देगा. इसे हम वैसे ही ले सकते हैं जैसे जब भारत में नया-नया टेलीविजन आया था तब हमारे पेरेंट्स ने नियम बनाए थे कि कितना टीवी देखना है और कौन-कौन से चैनल देखने हैं.
मोबाइल पर भी हमें इस तरह के नियम बनाने होंगे कितने समय से कितने समय तक मोबाइल घर में यूज करना चाहिए और मोबाइल में कौन-कौन से कंटेंट देखना चाहिए, कौन-कौन से कांटेक्ट नहीं देखना चाहिए. समस्या यह है कि मोबाइल में कंटेंट की जो बाढ़ आती है उसमें कंटेंट सेलेक्ट करना बहुत ही मुश्किल हो जाता है. उसमें नफरत भरी चीजें हैं. आपके भावनाओं से खेलने वाली, आपके धर्म से खेलने वाली ऐसी-ऐसी चीजें होती है कि आप खुद को उस कंटेंट में इंवॉल्व होने से रोक नहीं पाएंगे.
इन बातों को समझना कोई रॉकेट साइंस नहीं है. इसके लिए किसी मनोवैज्ञानिक की राय लेने की जरूरत भी नही है. बहुत ही आसान सी बात है कि हम जो पढ़ते हैं वही सीखते हैं, हम जो सीखते हैं उसी तरह जिंदगी जीते हैं. अगर हम हिंदू-मुसलमान, जात-पात अमीरी-गरीबी और हर बुरी चीजों से संबंधित वीडियो देखेंगे,वायरल वीडियोज देखेंगे, तो मानसिक विकृति होना लाजिमी है.
आजकल मीडिया समाज को नुकसान ज्यादा और मदद कम करता है. मीडिया से संबंधित वीडियो फेसबुक, टि्वटर, इंस्टाग्राम के जरिये लोगों को भटका रहा है.
अब हम सबको फैसला करना है कि हम अपने बच्चों को क्या बनाना चाहते हैं. आत्म संयम बच्चों को सिखाने की जरूरत है, जरूरी है कि बच्चों को मोबाइल फोन और किताब के बीच का अंतर बताएं.
किताबें भी मनोरंजक और ज्ञानवर्धक होती हैं. दुनिया के लगभग सभी सफल लोग किताबों के प्रेमी रहे हैं. यही वजह है कि वह अच्छे वक्ता और अच्छे मनुष्य होते है. किताबों की बिक्री में लगातार हो रही गिरावट अच्छा संकेत नहीं है.
किताबों की घटती बिक्री से लेखकों की इनकम कम हुई है. दूसरी तरफ लोगों की कमजोरियों का फायदा उठाकर तकनीक पर आधारित सोशल मीडिया और तमाम तरह के मोबाइल एप्लीकेशन दिन दुगनी रात चौगुनी गति से पैसे कमा रहे हैं. वे इस बात को कतई भी ध्यान नहीं देते कि उनके प्रॉडक्ट से समाज का भला हो रहा है या नुकसान. उनको आपके बच्चों के भविष्य से कोई लेना देना नहीं है. वे बस बाजार की भाषा समझते है.
आजकल व्हाट्सएप में जिस तरह की जानकारियां फॉरवर्ड होती हैं उससे मानसिक विकृति पैदा हो रही है, क्योंकि उन फॉरवार्डेड मैसेज को हम क्रॉस चेक नहीं करते हैं कि उसमें सत्यता कितनी है और लोग उस कंटेंट को सच मानकर एक विचार बना लेते हैं जिससे समाज में विघटन आ रहा है. लोग धर्म के नाम पर, जात के नाम पर एक दूसरे में बंट रहे हैं और दूसरों को भी बांटने का काम कर रहे हैं.
ऐसा नहीं है कि ये सामाजिक समस्याएं पहले नहीं थी लेकिन अब ज्यादा है क्योंकि हम लोगों को नकारात्मक सोचने पर मजबूर कर रहे हैं. हम मोबाइल को नफरत फैलाने वाला मशीन बना चुके हैं और यह मशीन समाज का नाश कर रहा है. अमेरिका जैसा देश जहां सोशल मीडिया पैदा हुआ जहां पर ज्यादातर मोबाइल फोन पैदा हुए, वह खुद अब रिव्यू कर रहा है. फेसबुक पर कई बार इल्जाम लग चुका है कि वे नफरत फैलाने वाले कंटेंट से पैसा कमा रहा है.
हम अगर आज कदम नहीं उठाएंगे तो बहुत देर हो जाएगी. तब तक पीछे लौटने वाले वाले सारे रास्ते बंद हो जाएंगे. इसलिए रामबाण हैं किताबें. किताबें ही मनुष्य के दिमाग की शुद्धिकरण कर सकती हैं.
No comments:
Post a Comment